राष्ट्रीय खेलों का शानदार समापन
हल्द्वानी के गौलापार स्टेडियम में शुक्रवार को 38वें राष्ट्रीय खेलों का भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर मेघालय को अगले राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए ध्वज सौंपा गया।
गृहमंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड सरकार की सराहना की
इस अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने हर जनपद में खेल सुविधाएं जुटाकर देवभूमि को खेल भूमि बनाने का काम किया है। उन्होंने सफल और भव्य आयोजन के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या को विशेष रूप से शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री का आभार जताया
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड को राष्ट्रीय खेलों के आयोजन का अवसर देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने खिलाड़ियों की प्रशंसा की
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि इस भव्य आयोजन में सबसे बड़ा योगदान उन एथलीट्स का रहा, जिन्होंने प्रदेश के लिए अभूतपूर्व प्रदर्शन किया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने पिछले राष्ट्रीय खेलों में 25वें स्थान से सीधे सातवें स्थान तक पहुंचकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। खेल मंत्री ने आगे कहा,
“हमने उत्तराखंड को खेल भूमि बनाने का सपना देखा था, लेकिन इस सपने को साकार करने का बीड़ा हमारे खिलाड़ियों ने उठाया और इसे सफल कर दिखाया।”
ग्रीन गेम्स की नई अवधारणा पर जोर
रेखा आर्या ने बताया कि राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड ने ग्रीन गेम्स जैसी नई अवधारणाओं पर काम किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने राष्ट्रीय खेलों के स्तर को और ऊंचा कर दिया है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता के लिए खिलाड़ियों को किया जाएगा तैयार
खेल मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों में हमारे एथलीट्स ने शानदार प्रदर्शन किया ही है, अब प्रदेश सरकार इन्हीं खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कामयाब होने के लिए तैयार करेगी।
केंद्रीय मंत्री और मेघालय के मुख्यमंत्री का स्वागत
इसके पहले खेल मंत्री रेखा आर्या ने पंतनगर एयरपोर्ट पर केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडवीया और मेघालय के मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में लगाए चार चांद
समापन समारोह में बॉलीवुड गायक सुखविंदर सिंह, श्वेता माहरा और दिगारी ग्रुप की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भव्य बना दिया।
समारोह में मौजूद महत्वपूर्ण हस्तियां
इस अवसर पर केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडवीया, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, सांसद अजय भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।