हल्द्वानी: 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। बुधवार को उत्तराखंड ने कुल 11 पदक अपने नाम किए, जिनमें 2 स्वर्ण, 3 रजत और 6 कांस्य पदक शामिल हैं। खासकर, एथलीट अंकिता ध्यानी ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए 5000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीत लिया। इससे पहले, उन्होंने सोमवार को 3000 मीटर दौड़ में भी गोल्ड मेडल हासिल किया था।
15:56.03 मिनट में पूरी की 5000 मीटर दौड़
अंकिता ध्यानी ने महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ को 15:56.03 मिनट में पूरा कर शानदार जीत दर्ज की। इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें गोल्ड मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उनके इस प्रदर्शन से उत्तराखंड खेल जगत में एक नई पहचान बना रहा है।
उत्तराखंड के 97 पदक, पदक तालिका में सातवां स्थान बरकरार
राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों का प्रदर्शन लगातार निखर रहा है। अब तक राज्य के खाते में 22 स्वर्ण पदक सहित कुल 97 पदक आ चुके हैं। इस दमदार प्रदर्शन की बदौलत उत्तराखंड पदक तालिका में सातवें स्थान पर कायम है।